गंभीर लापरवाही बरतने वाले 07 पोर्टकेबिन अधीक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्यवाई

बीजापुर, 12 फरवरी 2026/sns/-जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तर पर संस्थावार नियुक्त नोडल अधिकारियों के प्रतिवेदन के आधार पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालयों में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने पर 07 अधीक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अंतर्गत गठित समिति द्वारा जांच के दौरान नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक एवं बालिका आवासीय विद्यालयों भटवाड़ा, संगमपल्ली, माटवाड़ा, केशकुतुल, गंगालूर में दर्ज उपस्थिति के अनुपात में अधिक संख्या में छात्रों की अनुपस्थिति पाई गई। साथ ही अनुपस्थित छात्रों के भोजन मद से अतिरिक्त राशि आहरित करने तथा प्रतिमाह मेस चार्ज पंजी का संधारण नहीं करने जैसी गंभीर लापरवाही सामने आई।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा दो अधीक्षकों नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय विद्यालय गंगालूर एवं बालक आवासीय विद्यालय केशकुतुल को निलंबित किया गया है। शेष 05 अधीक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रकरण संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, जगदलपुर को प्रेषित किया गया था।
संयुक्त संचालक द्वारा 04 अधीक्षकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है, जबकि एक अधीक्षक पूर्व से ही निलंबित बताया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र हितों से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *