खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ जिला स्तरीय व्हालीबाल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

बीजापुर, 12 फरवरी 2026/sns/-जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण युवाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय व्हालीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज मिनी स्टेडियम, बीजापुर में हुआ। 12 एवं 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य श्री मैथ्यूज कुजूर, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे एवं जिला खेल अधिकारी श्री नारायण प्रसाद गवेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के 28 गांवों की ग्राम पंचायतों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है। आयोजन समिति द्वारा विजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की गई है।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹51000 एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹21000 एवं ट्रॉफी, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹11000 एवं ट्रॉफी इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
विशेष बात यह है कि प्रतियोगिता में चयनित जिले की टॉप 4 टीमों को आगामी 18, 19 एवं 20 फरवरी को आयोजित होने वाले ऑल इंडिया टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री दी जाएगी जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय व्हालीबाल प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *