कलेक्टर जनदर्शन बना आमजनों की समस्याओं के निराकरण का केन्द्र
मुंगेली, 19 मार्च 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाला साप्ताहिक जनदर्शन आमजनों की समस्याओं के निराकरण का केन्द्र बन गया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित जनदर्शन में मांगों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण से जिले के आम नागरिकों में खुशी का माहौल है। इसी तारतम्य में ग्राम चमारी की 80 वर्षीय जानकी बाई को निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी की लहर आ गई। जानकी बाई साहू उम्र के इस पड़ाव पर दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों को करने में कठिनाइयों का सामना कर रही थीं। चलने-फिरने में असमर्थता के कारण उनका जीवन काफी प्रभावित हो रहा था। ऐसे में उन्होंने अपनी समस्या को जनदर्शन में रखा, जहां कलेक्टर ने उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान हेतु समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए।
निर्देश के परिपालन में समाज कल्याण विभाग के उप सचांलक श्री नदीम काजी ने तत्परता दिखाते हुए जानकी बाई को निःशुल्क व्हीलचेयर प्रदान किया। व्हीलचेयर मिलने से अब जानकी बाई को दैनिक कार्यों में काफी सहूलियत मिल रही है और उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। जानकी बाई साहू ने इस सहयोग के लिए प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि शासन की इस पहल ने उनके जीवन को आसान बना दिया है। उन्होंने कलेक्टर एवं समाज कल्याण विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया।