अंतिम छोर तक पहुंचा प्रशासन: बाइक से गांव पहुंचे कलेक्टर

सुकमा, 24 नवम्बर 2026/sns/- जिले के अंतिम छोर तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने अतिसंवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों का सघन दौरा किया। मरईगुड़ा, गोलापल्ली, सेंदूरगुड़ा, किस्ताराम और तिगनपल्ली पहुंचे प्रशासनिक अमले ने औपचारिकता से दूर हटकर ग्रामीणों और किसानों के बीच जमीन पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर ने स्वयं बाइक चलाकर सेंदूरगुड़ा पहुंचते हुए प्रगतिशील किसानों के खेतों का अवलोकन किया, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा विश्वास और उत्साह देखने को मिला।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने धान की कम उपज से चिंतित किसानों को ढांढस बंधाते हुए श्कृषक उन्नति योजनाश् के तहत मिलने वाले बोनस और लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को अधिक मुनाफा कमाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधीकरण अपनाने हेतु प्रेरित किया। कलेक्टर ने बताया कि आगामी वर्ष से कपास, ऑयल पाम और मिर्च जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने पर शासन द्वारा प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मौके पर ही कृषि एवं उद्यानिकी अधिकारियों को इच्छुक किसानों का पंजीयन करने और तिगनपल्ली के तालाब से 150 एकड़ भूमि की सिंचाई हेतु नहर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
धान उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर एवं सीईओ ने गोलापल्ली और किस्ताराम धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तौल और मॉइस्चर मशीनों की बारीकी से जांच कर खरीदी प्रभारियों को पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा “शून्य शॉर्टेज“ सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। आगामी सीजन में किसानों की सुविधा के लिए किस्ताराम केंद्र में नए चबूतरे के निर्माण के साथ-साथ शेड, गोदाम और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्ययोजना पर भी मुहर लगाई गई।
 शिक्षा और बुनियादी ढांचे के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने मरईगुड़ा बालक आश्रम का निरीक्षण किया और बच्चों से रूबरू होकर उनकी सुविधाएं जानीं। पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मरईगुड़ा व गोलापल्ली क्षेत्र के सभी 8 आश्रमों में पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सेंदूरगुड़ा के नवनिर्मित सुशासन परिसर में ग्रामीणों की मांग पर अरलापेंटा में पुल, आंगनबाड़ी भवन और रंगमंच निर्माण को शीघ्र प्रारंभ करने का आश्वासन दिया।
  ग्रामीणों से सीधी चर्चा में कोटा-गोलापल्ली-किस्ताराम और मरईगुड़ा मार्ग के निर्माण सहित खेल मैदान, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी प्रमुख मांगों पर कलेक्टर ने सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन के इस संवेदनशील और त्वरित कार्यशैली वाले दौरे से सुकमा के अंदरूनी इलाकों में कृषि, शिक्षा और सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में नए बदलाव की उम्मीद जगी है, जो क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

About The Author