गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने मेंटेनेंस कार्य समय पर पूरा करें कलेक्टर

बलौदाबाजार, 19 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने ट्रांसफार्मर एवं अन्य मेन्टनेन्स कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा कि डिमांड जारी होने के बाद नया ट्रांसफार्मर शीघ्र लगाएं, बिजली से सम्बधित शिकायत का त्वरित निराकरण करें। इसके साथ ही बारिश के पूर्व पेड़ों का शाखा कर्तन का कार्य भी पूरा कराएं ताकि बारिश के समय कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने अवैध रूप से हुकिंग कर बिजली का उपयोग पर कार्यवाही करने एवं अस्थाई कनेक्शन से रबी फसल के लिए पानी हेतु बोर का उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग के द्वारा अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिये एनओसी पुरी आकलन के पश्चात ही जारी हो। ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व निस्तारी हेतु पानी के उपयोग को प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने सहायक यंत्री एवं कनिष्ठ यंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि नियमित रुप से फिल्ड विजिट कर अवैध कनेक्शन पर कार्यवाही करें।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत जिले के लिये निर्धारित लक्ष्य और उपलब्धि की समीक्षा करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना है। हितग्राहियों को सोलर पेनल लगवाने में शासन से सब्सिडी दिया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के साथ ही बिजली लोड भी कम होगी। उन्होंने योजना के तहत प्राप्त लक्ष्य 12000 के विरुद्ध अब तक 3104 हितग्राहियों के द्वारा सोलर पेनल लगवाने पर इसमें तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिये, वहीं रूचि नहीं लेने वाले वेंडर को बदलने के भी निर्देश दिये।

बैठक में अधीक्षण अभियंता श्री अनंत सहित तीनों विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *