खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जिला प्रशासन ने बैठक में तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर, 20 मार्च 2026/sns/-प्रदेश में 25 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन के लिए रायपुर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों द्वारा बैठक में बताया गया कि जिले के चिन्हांकित खेल मैदानों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, शौचालयों की मरम्मत सहित आवश्यक सुधार कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। निर्धारित खेल मैदानों में विद्युत व्यवस्था बाधित न हो, इसलिए विशेष तौर पर इलेक्ट्रिशन्स की ड्यूटी लगाई गई है तथा डीजी सेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। मैदानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया जा रहा है।

श्री विश्वदीप ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक वेन्यू पर समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए। इसके अंतर्गत डॉक्टर, महिला डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फिजियोथेरेपिस्ट, मसाजर एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही फर्स्ट एड किट एवं आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। आपातकालीन स्थितियों के लिए मेकाहारा एवं एम्स अस्पताल को नामित किया गया है, जबकि फिजियोथेरेपी सेवाओं हेतु जिला अस्पताल पंडरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अस्पतालों की मैपिंग कर उनके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं । खिलाड़ियों एवं अतिथियों के आवास हेतु जिले के 11 होटलों में व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त होटल, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर हेल्पडेस्क स्थापित किए जा रहे हैं। सभी खेल स्थलों तक सुगम पहुंच के लिए परिवहन रूट तय कर वाहनों की व्यवस्था भी की जा रही है।

श्री विश्वदीप ने खाद्य व्यवस्था की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक स्थल पर फूड इंस्पेक्टर एवं न्यूट्रिशनिस्ट की तैनाती करने के निर्देश दिए। पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता तथा प्रचुर मात्रा में पानी पैकेट सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 6 खेल मैदानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, सुरक्षा की दृष्टि से सभी आयोजन स्थलों पर अग्निशमन वाहन एवं प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौजूद रहेंगी।

तैयारियों की समीक्षा बैठक में एडीएम श्री उमाशंकर बंदे, एसडीएम श्री मुकेश कोठारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *