नगर निगम रिसाली क्षेत्र में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शीघ्र होगा प्रारम्भ
दुर्ग, 28 नवंबर 2026/sns/- जिले के नगर निगम रिसाली छेत्र में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट हेतु 134 करोड़ राशि की घोषणा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा विगत दिवस रिसाली के वार्ड 18 में आयोजित कार्यक्रम में की गई है। मुख्यमंत्री के घोषणा को अमल में लाने प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर और कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने नगर निगम रिसाली, जल संसाधन और पीएचई के अधिकारियों के साथ आज चिन्हांकित स्थल का निरीक्षण किये। उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग कम्पोनेंट वार एस्टीमेट बनाने के साथ नगर की भविष्य को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि नगर निगम रिसाली अपने प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत नेवई उमरपोटी सीमा में स्थित डेम से पानी लेकर प्लांट स्थापित करेगा। आगामी 30 वर्ष को लेकर योजना तैयार की गई है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 30 एमएलडी की होगी, लागत राशि 134 करोड़ है। प्लांट हेतु 5 एकड़ जमीन स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना अंतर्गत 4 ओवर हेड टैंक प्रस्तावित है, जो 15वें वित्त से स्वीकृत है। इसी तरह डेम का केनाल संधारण कार्य हेतु 4 करोड़ स्वीकृत है। वॉटर ट्रीट मेंट प्लांट से 26831 नल कनेक्शन को पानी दिया जाएगा। वर्तमान में नगर निगम रिसाली प्रतिदिन 11 एमएलडी पानी नगर निगम भिलाई से लेकर अपने क्षेत्र के नल कनेक्शन में जल आपूर्ति कर रहा है। जन सुविधाओं को और बेहतर बनाने रिसाली निगम द्वारा स्वयं का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है।