सुकमा जिला पंचायत में संविदा भर्ती का सुनहरा अवसर, 6 अप्रैल तक करें आवेदन
सुकमा, 20 मार्च 2026/sns/-जिला पंचायत सुकमा में ग्रामीण विकास और पंचायत सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत संविदा भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 06 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिला पंचायत द्वारा ‘राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संकाय सदस्य (फैकल्टी मेंबर) के 2 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य जिला पंचायत संसाधन केंद्र को मजबूत बनाना है, जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाया जा सके।
वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत भी संविदा पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसके तहत विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक और लेखा सह एमआईएस सहायक सहित कुल 4 पद भरे जाएंगे। यह भर्ती स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर प्रदान करती है।
दोनों ही भर्तियों के लिए आवेदन केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव एवं आवेदन प्रारूप से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट http://sukma.gov.in या जिला पंचायत सुकमा के सूचना पटल का अवलोकन कर सकते हैं। यह भर्ती न केवल युवाओं को रोजगार का अवसर देगी, बल्कि जिले में पंचायत व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ग्रामीण विकास को नई गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।