अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर कार्रवाई, ताप विद्युत गृह पर 19.15 लाख का जुर्माना

कोरबा, 27 नवम्बर 2026/sns/- गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता के संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला सामने आने पर संबंधित विद्युत संयंत्र के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। संयुक्त जांच दल की जांच में अनियमितता पाए जाने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, कोरबा द्वारा प्राप्त शिकायत के संदर्भ में जांच के लिए गठित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कोरबा, जिला परिवहन अधिकारी, कोरबा एवं क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा के संयुक्त जांच दल ने मामले की जांच की। जांच में ग्राम-बोईदा में राखड़ भराव के लिए अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं पाया गया। संयंत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐश डाइक से ग्राम-बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त स्थल के लिए कुल 43 ट्रिप राखड़ का परिवहन किया जाना बताया गया था। किंतु मौके पर निरीक्षण के दौरान अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं पाया गया।
इस गंभीर अनियमितता को दृष्टिगत रखते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर संबंधित विद्युत संयंत्र पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा बताया गया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की रोकथाम के लिए क्षेत्रीय कार्यालय, कोरबा द्वारा निरंतर निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही अवैध रूप से राखड़ का परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है। पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।

About The Author