डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूलों में आरटीई के तहत 25 सीटों पर होगा निःशुल्क प्रवेश, 30 मार्च से आवेदन शुरू
सुकमा, 25 मार्च 2026/sns/-शिक्षा के अधिकार को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत छत्तीसगढ़ के डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 की धारा 12(1)(ब्) के अंतर्गत प्रारंभिक कक्षाओं में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं।
जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन आरक्षित सीटों पर बीपीएल परिवारों के बच्चे, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग, दिव्यांग, अनाथ, भ्प्ट पॉजिटिव तथा तृतीय लिंग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह कदम शिक्षा में समानता और समावेशिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है। ऑनलाइन आवेदन की तिथि तय
प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च 2026 से शुरू होकर 13 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभिभावक जन सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे, या संबंधित शासकीय कार्यालयों की मदद से आवेदन कर सकते हैं।
सुकमा जिले में विशेष व्यवस्था
जिला सुकमा में संचालित तीन डी.ए.वी. स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्राचार्यों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभिभावक सीधे स्कूल प्रबंधन, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी या नोडल प्राचार्य से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
CWSN बच्चों पर विशेष फोकस
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN ) के प्रवेश को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे जरूरतमंद परिवारों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें।
आवश्यक दस्तावेज रखें तैयार
आवेदन से पहले अभिभावकों को जरूरी दस्तावेज जैसे जन्म प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बीपीएल सूची/जाति प्रमाण पत्र/मेडिकल प्रमाण पत्र तैयार रखने की सलाह दी गई है।