जिला जेल सुकमा का आकस्मिक निरीक्षण
सुकमा, 26 मार्च 2026/sns/-जिला जेल सुकमा का गुरुवार को माननीय न्यायिक अधिकारियों द्वारा आकस्मिक संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जिला एवं सत्र न्यायाधीश दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा श्री संतोष कुमार आदित्य, प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री मोहन प्रसाद गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुकमा श्री रमेश कुमार चौहान तथा सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा श्री आनंददीप तिर्की शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने जेल की सभी बंदी बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से उनके प्रकरणों से संबंधित समस्याओं, पेशी में उपस्थिति, भोजन व्यवस्था एवं उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही जेल की पाकशाला, जेल अस्पताल, संचालित पाठशाला, मनोरंजन सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था एवं बंदियों में अनुशासन संतोषजनक पाया गया, जिस पर माननीय न्यायाधीशों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक श्री राजेश कुमार बिसेन, विधिक सेवा प्राधिकरण दंतेवाड़ा के निज सचिव श्री भीमा कवासी, मुख्य प्रहरी श्री टिकेश्वर सिंह ध्रुव, श्री गोविंदराम साहु सहित अन्य प्रहरी एवं समस्त जेल स्टाफ उपस्थित रहे।