बर्ड फ्लू अलर्ट के बीच मुर्गी चूजों की खेप की जांच नहीं मिला संक्रमण

बिलासपुर, 31 मार्च 2026/sns/-जिले के शासकीय कुक्कुट फार्म कोनी में 24 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गी एवं उससे संबंधित सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। यह कार्रवाई विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा की जा रही है।

 इसी बीच कुछ स्थानीय मीडिया में प्रकाशित खबर “रेलवे परिसर में दिल्ली से आई मुर्गी चूजों की खेप” को लेकर पशु चिकित्सा विभाग ने तथ्य स्पष्ट किए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त की गई। रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक के 30 मार्च 2026 के पत्र के अनुसार, दिल्ली से गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से कुल 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए थे, जिन्हें यहां से श्री आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर जिला रायगढ़ भेजा गया। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति से फोन पर चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि चूजों को सुरक्षित रूप से रायगढ़ ले जाया गया तथा उनमें किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण नहीं पाए गए। प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों से चर्चा कर भविष्य में इस प्रकार की खेपों की पूर्व सूचना संबंधित विभाग को देने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सतर्कता और निगरानी बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *