सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 तक बढ़ी
मोहला, 01 अप्रैल 2026/sns/-सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा भारतीय सेना में भर्ती हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है।
उक्त जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर भी उपलब्ध है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अग्निवीर श्रेणी के विभिन्न पदों जैसे अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के पदों जैसे नर्सिंग सहायक, सिपाही फार्मा, हवलदार (शिक्षा) एवं धर्म शिक्षक के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी या किसी प्रकार की स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप) के दूरभाष नंबर 0771-2965212, 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और केवल योग्यता के आधार पर ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।