नवा तरिया आय के जरिया अभियान अंतर्गत कार्य योजना निर्माण पर सीएलएफ के साथ बैठक आयोजित

राजनांदगांव, 01 मार्च 2026/sns/-जिले के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राज्य शासन के मोर गांव मोर पानी अभियान अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, भूजल रिचार्ज एवं महिला समूहों की स्थायी आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मनरेगा एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से प्रस्तावित पहल नवा तरिया आय के जरिया अभियान के तहत ग्रामीण एवं महिला सीएलएफ से चर्चा कर में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। यह पहल जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन को बढ़ावा देने के साथ-साथ संकुल स्तरीय महिला समूहों को आजीविका संवर्धन गतिविधियों से सीधे जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जिले में इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक सीएलएफ के लिए नवीन तालाब निर्माण एवं उससे जुड़ी आजीविका गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरगी के संकुल सुरगी सीएलएफ के साथ एवं जनपद पंचायत छुरिया अंतर्गत कुमारदा संकुल के ग्राम पंचायत घोषाल में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गई। जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री मनीष साहू, एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुरिया श्री होरीलाल साहू उपस्थिति में कार्ययोजना निर्माण एवं स्थल चयन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सीएलएफ की महिला सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। श्री साहू द्वारा बताया गया कि नवा तरिया आय के जरिया अभियान अंतर्गत तालाब निर्माण कार्य मनरेगा के माध्यम से ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत द्वारा कराया जाएगा, जबकि तालाब का उपयोग अधिकार सीएलएफ को हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे महिलाएं तालाब आधारित आजीविका गतिविधियों का सफल संचालन कर सकेंगी। उन्होंने स्थल चयन हेतु क्लैर्ट ऐप एवं रिडज टू वैली कौनसेप्ट के उपयोग तथा ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कर स्वसहायता समूह की महिलाओं को कार्य स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया पर भी मार्गदर्शन दिया।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि तालाब निर्माण के पश्चात महिलाओं द्वारा मत्स्य पालन, सिंघाड़ा उत्पादन, पोखरा, कमल फूल उत्पादन, पानी आधारित उत्पादक गतिविधियां एवं ढेंश उत्पादन जैसी गतिविधियों को जोड़कर आयवर्धन के अवसर विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही तालाब परिसंपत्ति पर क्यूआर कोड युक्त सूचना पटल लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे संबंधित सीएलएफ एवं आजीविका गतिविधियों की संपूर्ण जानकारी डिजिटल माध्यम से स्कैन कर प्राप्त की जा सकेगी। श्री साहू ने कहा कि यह अभियान मोर गांव, मोर पानी अभियान एवं विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप महिलाओं की आय वृद्धि एवं आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक के दौरान महिलाओं को आजीविका संवर्धन की संभावनाओं एवं क्रियान्वयन रणनीति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सर्वसम्मति भी प्राप्त की गई।
उल्लेखनीय है कि अभियान की जानकारी प्राप्त कर महिलाओं ने स्वयं आगे बढ़कर स्थल चयन प्रक्रिया में रूचि दिखाई है तथा अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों को तालाब से जोड़कर अभियान को सफल बनाने हेतु नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे आने का संकल्प लिया है। इसी प्रकार आज जनपद पंचायत छुरिया के क्लस्टर कुमर्दा अंतर्गत ग्राम पंचायत घुपसाल में भी नवा तरिया आय के जरिया अभियान को लेकर एक कार्यक्रम व बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत छुरिया श्री होरीलाल साहू द्वारा सीएलएफ की महिलाओं को अभियान की रूपरेखा, स्थल चयन प्रक्रिया एवं तालाब आधारित आजीविका गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। बैठक में महिला समूहों द्वारा सक्रिय सहभागिता करते हुए अभियान को सफल बनाने हेतु सहयोग एवं सहभागिता का भरोसा दिलाया गया। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में नवा तरिया आय के जरिया अभियान अंतर्गत जल संरक्षण एवं महिला आजीविका संवर्धन को एकीकृत मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल प्रारंभ हो चुकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *