वन्य जीव सुरक्षा आर्द्रभूमि (वेटलैंड) संरक्षण की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
अम्बिकापुर, 07 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज वन्यजीव सुरक्षा एवं आर्द्रभूमि (वेटलैण्ड) संरक्षण संबंधी जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने की। बैठक में हाथियों की सुरक्षा, मानव-हाथी द्वन्द्व के प्रभावी प्रबंधन तथा जिले के वेटलैण्ड्स के संरक्षण के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में वेटलैण्ड संरक्षण पर विशेष बल देते हुए वनमण्डलाधिकारी सरगुजा एवं सदस्य सचिव जिला वेटलैण्ड संरक्षण समिति श्री अभिषेक जोगावत द्वारा जिले के वेटलैण्ड्स की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिले में कुल 125 वेटलैण्ड्स चिन्हित किए गए हैं, जिनका संरक्षण जल संसाधनों एवं जैव विविधता के संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रमुख वेटलैण्ड्स का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन किया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाने एवं प्रदूषण रोकने के लिए नगर निगम एवं संबंधित विभाग समन्वयपूर्वक कार्य करेंगे। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि जल निकायों के समीप कचरा एवं रासायनिक पदार्थों के बहाव को पूर्णतः रोका जाए। साथ ही, चरणबद्ध तरीके से वेटलैण्ड्स का सीमांकन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मानव-हाथी द्वन्द्व प्रबंधन के संदर्भ में वनमण्डलाधिकारी द्वारा हाथियों की आवाजाही एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) की सक्रियता एवं एंटी स्नेयर वॉक (फंदा हटाओ अभियान) जैसे प्रयासों का उल्लेख किया। कलेक्टर श्री वसंत ने वनक्षेत्र में अतिक्रमण एवं अवैध कटाई पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए, जिससे हाथी कॉरिडोर सुरक्षित रह सके।
बैठक में विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण, विद्युत विभाग को अवैध बिजली हुकिंग पर कार्रवाई, तथा कृषि एवं पशुपालन विभाग को फसल एवं मवेशियों की क्षति का त्वरित आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त नगर निगम अम्बिकापुर को आवारा कुत्तों से वन्यप्राणियों की सुरक्षा हेतु वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, उपवनमण्डलाधिकारी अम्बिकापुर सुश्री श्वेता कम्बोज, उपवनमण्डलाधिकारी उदयपुर श्री विजेन्द्र सिंह ठाकुर, उपवनमण्डलाधिकारी सीतापुर श्रीमती सपना मुखर्जी, संलग्नाधिकारी श्रीमती जैनी ग्रेस कुजूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर कहा कि वन्यजीव संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हाथियों एवं अन्य वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास एवं सुगम विचरण को सुनिश्चित करने, मानव-हाथी द्वन्द्व को कम करने तथा वेटलैण्ड संरक्षण हेतु योजनाबद्ध प्रयास करने के निर्देश दिए।