उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों के इम्पैनलमेंट हेतु रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित 23 अप्रैल तक करें आवेदन
अम्बिकापुर, 07 अप्रैल 2026/sns/- आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत राज्य में संचालित उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों के इम्पैनलमेंट हेतु “रूचि की अभिव्यक्ति” (Expression of Interest) आमंत्रित की गई है। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उन्हें बेहतर कैरियर चयन के लिए प्रेरित करना तथा प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में उनके बहुमुखी व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक छत्तीसगढ़ राज्य के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाती है। इम्पैनलमेंट के लिए चयनित विद्यालयों को विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इच्छुक संस्थाओं को “रूचि की अभिव्यक्ति” निर्धारित प्रारूप में भरकर संस्था के जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला सरगुजा के कार्यालय में जमा करना होगा। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026, अपरान्ह 05ः00 बजे निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित मापदण्ड एवं विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर उपलब्ध है।