मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों से रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित


रायगढ़, 07 अप्रैल 2026/sns/- मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 हेतु “रूचि की अभिव्यक्ति” आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें बेहतर करियर चयन, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता एवं बहुमुखी व्यक्तित्व विकास के अवसर प्राप्त हो सकें। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों (जहां शाला एवं छात्रावास एक ही परिसर में स्थित हों) का चयन किया जाएगा। चयनित संस्थाओं में प्रवेशित विद्यार्थियों का समस्त मान्य शुल्क विभाग द्वारा वहन/प्रतिपूर्ति किया जाएगा।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र संस्थाओं से “रूचि की अभिव्यक्ति” प्रारूप में प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। संस्थाओं को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप आवेदन तैयार कर प्रत्येक पृष्ठ पर हस्ताक्षर एवं सील के साथ प्रमाणित कर बुक बाइंडिंग करनी होगी। तैयार प्रस्ताव एक बड़े लिफाफे में जिला सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, रायगढ़ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जमा करना अनिवार्य होगा। लिफाफे पर विभाग का नाम एवं योजना का स्पष्ट उल्लेख करना आवश्यक है। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं आवेदन प्रारूप विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं।

About The Author