स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता अभियान के साथ आशा संकल्प वेलफेयर फाउंडेशन का 18वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न

स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता अभियान के साथ आशा संकल्प वेलफेयर फाउंडेशन का 18वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न

पुरन्दर मिश्रा की उपस्थिति में ‘स्वस्थ परिवार–समृद्ध भारत’ का संकल्प हुआ और सशक्त

किसानों और स्वास्थ्य जागरूकता के संगम में चमके विधायक पुरन्दर मिश्रा, बोले—समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव

पुरन्दर मिश्रा ने जगाई नई सोच—जहर मुक्त खेती और स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ता समाज

पुरन्दर मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति से सजा सेवा और संकल्प का महापर्व

रायपुर। आज राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका में आशा संकल्प वेलफेयर फाउंडेशन संस्थान के 18वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता अभियान का आयोजन प्रकाश पैलेस में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक पुरन्दर मिश्रा का फूलों की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के सीएमडी मनमोहन कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि संस्था का 18वां स्थापना दिवस आज छत्तीसगढ़ में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने संस्था द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, किसान सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विधायक श्री मिश्रा का आभार व्यक्त किया।
“स्वस्थ परिवार – समृद्ध भारत” की परिकल्पना को साकार करने हेतु आयोजित इस अभियान में किसानों को उन्नत एवं ज़हर मुक्त खेती के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को “धान का कटोरा” कहा जाता है और यहां के किसानों की समृद्धि राज्य के विकास की आधारशिला है। उन्होंने किसानों की आय वृद्धि एवं बेहतर धान उपार्जन के लिए फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और आश्वस्त किया कि सरकार सदैव ऐसे सामाजिक संगठनों के साथ खड़ी है।
विधायक श्री मिश्रा ने आगे कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 – विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण और मोबाइल फोन के सदुपयोग का संदेश भी दिया तथा कहा कि “मैं और हमारी सरकार सदैव आपके साथ है।”
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा एवं सीएमडी श्री मनमोहन कुमार द्वारा संस्था के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रोहित कुमार साहू को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से 1 लाख रुपये का चेक एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता का एक सशक्त संदेश दिया, जिसमें ज़हर मुक्त खेती को बढ़ावा देने का संकल्प भी प्रमुख रूप से लिया गया।

About The Author