लोरमी छात्रावास में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुंगेली, 10 अप्रैल 2026/sns/- जिले के लोरमी स्थित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में आज विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुंगेली के प्रतिनिधि श्री उमेंद साहू (पैरालीगल वॉलंटियर) द्वारा छात्रावासी विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर उन्होंने पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए जागरूक रहने की अपील की। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के महत्व को समझाते हुए सुरक्षित जीवन के लिए नियमों के अनुपालन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में लोक अदालत के महत्व एवं उसके माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही नाल्सा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार से अवगत कराया गया। उन्होंने टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता या समस्या के समाधान के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं विधिक जानकारी से सशक्त बनाना रहा, जिससे वे भविष्य में सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

About The Author