आरसेटी प्रशिक्षुओं ने किया कृषि विज्ञान केंद्र सुकमा का शैक्षणिक भ्रमण
सुकमा, 17 अप्रैल 2026/sns/- भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के प्रशिक्षुओं ने कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा के प्रक्षेत्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य पूनर्वासित युवा प्रशिक्षुओं को कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की व्यवहारिक जानकारी प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं ने मुर्गी पालन इकाई का अवलोकन किया, जहां जिले के पशु चिकित्सक डॉ. टेकेश्वर ने उन्नत नस्ल की मुर्गियों के चयन, वैज्ञानिक तरीके से पालन-पोषण, मौसम के अनुसार देखभाल, आदर्श शेड निर्माण, तथा प्रमुख बीमारियों की पहचान एवं समय पर टीकाकरण की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रशिक्षुओं को टीकाकरण की व्यावहारिक प्रक्रिया भी समझाई गई, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सिदार ने प्रशिक्षुओं को मछली पालन इकाई का भ्रमण कराया और प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, लाभों तथा वर्तमान समय में इसकी बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र के प्रक्षेत्र में संचालित प्राकृतिक खेती के अंतर्गत एक एकड़ में मूंग, एक एकड़ में अरबी तथा एक एकड़ में मक्का की फसलों का अवलोकन कराते हुए उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में आरसेटी फैकल्टी श्री खुशाल चंद्रा का विशेष सहयोग रहा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में लगभग 25 से 30 प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान केंद्र के कर्मचारी देवा, मुन्ना, कुंदन एवं राविल की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग रहा। भ्रमण कार्यक्रम ने प्रशिक्षुओं को कृषि आधारित स्वरोजगार के नए अवसरों की दिशा में प्रेरित किया और उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।