मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 51 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे
बलौदाबाजार, 18 अप्रैल 2026/sns/-मानवता सतनाम सेवा समिति कैलाशगढ़ एवं एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत सतनामी समाज के 51 जोड़े का सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम गुरुवार को गुरुद्वारा धाम कैलाशगढ़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहब शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कसडोल विधायक संदीप साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने कहा कि आज के समय में विवाह जैसे पवित्र बंधन को अनावश्यक खर्च और दिखावे से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आदर्श विवाह को समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है और सामाजिक समानता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने मंच से सभी 51 नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद देते हुए संकल्प भी दिलाया। समिति की मांग पर उन्होंने सामाजिक समरसता भवन के निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। अध्यक्षता कर रहे गौरीशंकर अग्रवाल ने अपने संबोधन में समिति के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं। विधायक संदीप साहू ने भी नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए समिति के कार्यों की प्रशंसा की और इसे सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे, विमल साहू, प्रगतिशील सतनामी समाज के प्रदेश महासचिव मोहन बंजारे, जनपद सदस्य कालिंन्द्री सोनवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या समाज के लोग उपस्थित थे।