प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के स्तरपुर में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मुंगेली, 20 अप्रैल 2026/sns/- प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए विकासखंड लोरमी के हाई रिस्क ग्राम केस्तरपुर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि शिविर में कुल 39 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के दौरान टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सामान्य रोगों के उपचार के साथ टीबी के उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की हैंडहेल्ड मशीन से जांच कर संभावित मरीजों की पहचान की गई, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) डॉ. गिरीश कुर्रे ने बताया कि जिले में इस अभियान की शुरुआत 24 मार्च से की गई है, जिसके अंतर्गत अब तक 15 हाई रिस्क ग्रामों में शिविर आयोजित कर लगभग 980 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के आरएचओ, सीएचओ एवं मितानिनों और ग्राम के सरपंचों द्वारा ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाने और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है।