सुकमा के बागानपल्ली आम को मिलेगी नई पहचान

सुकमा, 27 अप्रैल 2026/sns/-जिले में बागानपल्ली (बैंगनपल्ली) आम को नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। जिला कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कोन्टा विकासखंड के आम उत्पादक किसानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 26 किसानों ने भाग लिया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर आम की खेती के क्षेत्रफल, उत्पादन स्थिति और बाजार संभावनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में विशेष रूप से बागानपल्ली आम को “सुकमा ब्रांड” के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने किसानों को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता के माध्यम से सुकमा के आमों की मांग दूर-दूर तक बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि इससे जिले को नई पहचान मिलेगी और किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने किसानों को जीआई टैग की महत्ता के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीआई टैग मिलने से उत्पाद की विशिष्ट पहचान बनती है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाजार में उसकी अलग पहचान स्थापित होती है। बैठक में किसानों को उन्नत खेती, सफलता की कहानियों और आधुनिक तकनीकों पर आधारित वीडियो भी दिखाए गए, जिससे किसानों को नई प्रेरणा और दिशा मिल सके।
बैठक के बाद किसानों को फंडीगुड़ा गांव का एक्सपोजर विजिट कराया गया, जहां 2013-14 में स्थापित आम बागान आज सफलतापूर्वक लाभ दे रहे हैं। साथ ही सुन्नमगुड़ा के पुराने बागानों का अवलोकन किया गया और श्री परमेश्वर सिंह के खेत में आम की पैकेजिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन भी कराया गया। इस पहल में पीपीआईए फेलोसुश्री अर्कजा, कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी व सहकारिता विभाग की सक्रिय भूमिका रही, जबकि कोन्टा एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला ने गतिविधियों का संचालन किया। यह प्रयास सुकमा के आमों को मजबूत ब्रांड बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author