सुकमा में संयुक्त संचालक श्री एचआर सोम की मैराथन बैठक
सुकमा, 27 अप्रैल 2026/sns/-शुक्रवार को संयुक्त संचालक लोक शिक्षण बस्तर संभाग श्री एच.आर. सोम की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में जिले के समस्त प्राचार्यों, पोटा केबिन, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, आरएमएसए छात्रावास अधीक्षकों, बीईओ, बीआरसी, एबीईओ एवं एपीसी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने एजेंडे के अनुसार विभागीय कार्यों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद श्री सोम ने शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं आगामी सत्र की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान श्री सोम ने 5वीं, 8वीं एवं स्थानीय परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल तक घोषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए अधीक्षकों से आवश्यक सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों के अवकाश, पेंशन, ग्रेजुएटी एवं अवकाश नगदीकरण जैसे विषयों पर आहरण-संवितरण अधिकारियों को विस्तृत जानकारी देते हुए लंबी अवधि से अनुपस्थित कर्मचारियों की जांच कर बर्खास्तगी की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संयुक्त संचालक ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों को प्रथम पाली में संचालित रखने, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण तथा सरस्वती साइकिल वितरण की समयबद्ध तैयारी करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा एमयू अपडेट एवं अपार आईडी की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीपीओ श्री नारायण वर्मा, एपीसी श्री प्रदीप नायर, श्री आशीष राम, श्रीमती रेशमा कासिम, श्री बैसु राम मरकाम, श्री सीताराम राणा सहित विकासखंड अधिकारियों एवं जिले के समस्त शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।