सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार

मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत कर दी गई है। यह अभियान 11 मई तक संचालित किया जाएगा। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अभियान के तहत व्यापक निरीक्षण किया गया। अभियान के पहले दिन मुंगेली विकासखण्ड के बाजार क्षेत्र में फास्ट मूविंग कॉस्मेटिक उत्पादों की जानकारी एकत्र करते हुए 07 जनरल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक कॉस्मेटिक उत्पाद का नमूना गुणवत्ता जांच हेतु संकलित किया गया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं पर भी कार्रवाई करते हुए चाट-गुपचुप सेंटर सहित 15 स्ट्रीट वेंडर्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री को स्वच्छ बर्तनों में रखने, अखबारी कागज में खाद्य सामग्री पैक न करने तथा अखाद्य रंगों के उपयोग से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरगांव स्थित साई बर्फ फैक्ट्री से भी नमूना जांच हेतु लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिले के सभी कॉस्मेटिक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे केवल जीएसटी के पक्के बिल के साथ ही सामग्री का क्रय-विक्रय करें तथा किसी भी अनाधिकृत स्रोत से सामान न खरीदें। एक्सपायरी उत्पादों के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आम नागरिकों को प्रसाधन सामग्री खरीदते समय पक्का बिल अवश्य लेने, नकली उत्पादों से बचने और अपने व परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की समझाइश दी गई।

About The Author