आधार में जन्म तिथि सुधार से मिली बड़ी राहत

मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- जिले में आधार सेवा केन्द्र द्वारा आमजनों की आधार कार्ड में संशोधन कर संबंधित समस्याओं का निराकरण कर राहत पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में जिले के ग्राम करही निवासी आदित्य मिश्रा के लिए आधार कार्ड में दर्ज एक छोटी सी त्रुटि उनके जीवन की बड़ी बाधा बन गई थी। आधार कार्ड में आदित्य मिश्रा की जन्म तिथि 21 फरवरी 2012 दर्ज थी, जो वास्तविक जन्म तिथि से भिन्न थी। इस त्रुटि के कारण उन्हें शैक्षणिक सहित अन्य कार्यों में परेशानी हो रही थी। कई बार आवेदन करने के बावजूद सुधार नहीं होने से परिवार निराश हो चुका था।
इस समस्या के समाधान के लिए कलेक्टोरेट कार्यालय, मुंगेली स्थित चिप्स द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र में आवश्यक दस्तावेज जन्म प्रमाण पत्र एवं शपथ-पत्र प्रस्तुत कर पुनः आवेदन किया गया। केन्द्र में नियमानुसार पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए आवेदन का निराकरण किया गया। परिणामस्वरूप, आधार कार्ड में दर्ज जन्म तिथि 21/02/2012 से संशोधित होकर 24/02/2012 सफलतापूर्वक अपडेट हो गया। इस सुधार से आदित्य मिश्रा को बार-बार आवेदन करने की समस्या से राहत मिली है और अब वे शैक्षणिक एवं शासकीय कार्यों का लाभ ले पा रहे हैं।

About The Author