ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 पंचायत सेवाओं के विस्तार हेतु सचिवों का प्रशिक्षण शुरू
मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/-राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 के अंतर्गत पंचायत स्तर पर नई सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत मुंगेली में ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से पंचायत स्तर पर डिजिटल सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रशिक्षण के दौरान सचिवों को ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 पोर्टल पर उपलब्ध नई सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनके संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट मैपिंग का कार्य भी संपादित किया गया, जिससे ऑनलाइन सेवाओं में प्रमाणीकरण और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अब कई शासकीय सेवाएं पंचायत स्तर पर ही ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हो सकेंगी, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनपद पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल को ग्रामीण प्रशासन के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो शासन की सेवाओं को अधिक तेज, सरल और पारदर्शी बनाएगा।