एकलव्य आवासीय विद्यालय में कौशल्य कार्यक्रम के तहत रोजगार मेला आयोजित
मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बंधवा में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए कौशल्य कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली एवं निजी कम्पनी के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 21 एकलव्य विद्यालयों से लगभग 160 विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। रोजगार मेले को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज से आए प्रतिभागी सुबह से ही विद्यालय परिसर में पहुंच गए थे। विद्यालय प्रशासन द्वारा पंजीकरण से लेकर आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से सुनिश्चित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग श्री शिवकुमार बांधे ने विद्यार्थियों को अपने कौशल को निखारने और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर निजी कम्पनी के प्रतिनिधियों ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से कौशल्य कार्यक्रम, प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य श्री जितेन्द्र सिंह तंवर ने आयोजन को विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर बताते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए नाश्ता, भोजन एवं अल्पाहार की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। साथ ही, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासकीय चिकित्सालय लोरमी से चिकित्सा दल की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिससे प्रतिभागियों में सुरक्षा की भावना बनी रही। दिनभर चले इस आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साक्षात्कार प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए संतोष व्यक्त किया। यह रोजगार मेला न केवल विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि उनके आत्मविश्वास एवं कौशल विकास को भी नई दिशा देने वाला साबित हुआ।