जिला चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी से मिली राहत वर्षों पुराने दर्द से उबरी सरिता बाजपेयी

मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- जिला चिकित्सालय में आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में सरदार पटेल वार्ड निवासी श्रीमती सरिता बाजपेयी, जो वर्षों से कमर दर्द से परेशान थीं, अब उपचार के बाद राहत महसूस कर रही हैं और सामान्य रूप से चलने-फिरने में सक्षम हो गई हैं। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल निरीक्षक डॉ. एम.के. रॉय ने बताया कि सरिता बाजपेयी लंबे समय से गंभीर कमर दर्द से जूझ रही थीं, जिसके कारण उन्हें झुककर चलना पड़ता था और दैनिक कार्यों में भी काफी कठिनाई होती थी। उपचार के लिए वे जिला चिकित्सालय पहुंचीं, जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच के बाद उन्हें फिजियोथेरेपी की सलाह दी गई।
फिजियोथेरेपी विभाग में पदस्थ डॉ. उत्कर्ष एवं विशेषज्ञों द्वारा लगातार 20 दिनों तक नियमित उपचार किया गया। इस उपचार के बाद सरिता बाजपेयी को वर्षों पुराने दर्द से राहत मिली और उनकी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। चिकित्सकों ने बताया कि अधिक आयु में इस प्रकार के पुराने दर्द से राहत मिलना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग ऐसे मरीजों के लिए लगातार बेहतर सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां न केवल जिले के, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीज भी उपचार के लिए आ रहे हैं। सरिता बाजपेयी ने चिकित्सकों और फिजियोथेरेपी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और वे पहले से बेहतर जीवन जी पा रही हैं।

About The Author