छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के भवन का भूमिपूजन कार्य 3 मई को
रायगढ़, 3 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत रायगढ़ जिले में महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कॉर्पोरेशन के भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम 3 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ के ऑडिटोरियम में संपन्न होगा।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, सी.जी.एम.एस.सी. लिमिटेड के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री दीपक महस्के, जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल तथा नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
यह भूमिपूजन कार्यक्रम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित होने वाला यह भवन दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।