बीजापुर में खाद्य सुरक्षा अभियान जारी जिला अस्पताल केंटीन व दुकानों में निरीक्षण
बीजापुर, 06 मई 2026/sns/- लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग और नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार ‘‘सही दवा शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार‘‘ थीम पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के आठवें दिन जिला अस्पताल बीजापुर में संचालित केंटीन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। लेकिन वहां कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। अधिकारियों ने इन्हें शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मां दंतेश्वरी ढाबा का भी निरीक्षण किया गया जहां डाइनिंग हॉल के टेबलों में पर्याप्त सफाई नहीं पाई गई। साथ ही यहां भी कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट अनुपस्थित मिली। संचालक को कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पानी की गुणवत्ता जांच करवाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अभियान के नौवें दिन नैमेड़ क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। बस स्टैंड के आसपास स्थित दुकानों में निरीक्षण के दौरान बजरंग किराना स्टोर्स में एक बोरी एक्सपायर्ड दलिया और युवराज किराना स्टोर्स में बालूशाही, बूंदी लड्डू, सोनपापड़ी, तिल लड्डू, पतंजलि दूध बिस्कुट, टाइगर दूध बिस्कुट, ब्रिटानिया मेरी गोल्ड, मिल्क बिकिस, अनमोल रस्क सहित कई एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पाई गई।
अधिकारियों ने मौके पर ही इन एक्सपायर्ड वस्तुओं को नष्ट कराते हुए संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही निर्देश दिए गए कि खाद्य सामग्रियों की नियमित जांच करें और एक्सपायर्ड वस्तुओं को तत्काल हटाएं। अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी भी दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। साथ ही लोगों और व्यापारियों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार और सुरक्षित दवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक करना भी है।