प्री पॉलिटेक्निक टेस्ट आज 6 सौ से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
बलौदाबाजार, 7 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा 7 मई 2026 को प्री पोलिटेक्निक टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में जिले के 623 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारी क़ो लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को केंद्राध्यक्ष व ऑब्जर्वर की बैठक ली। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए और मंडल के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर संवेदनशील है। बिना किसी त्रुटि के एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न हो, निर्देशों का कड़ाई से पालन हो और अपने दायित्व का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करें। सभी परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पूर्ण रूप से लागू हो और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति न दी जाए। अभ्यर्थियों की पहचान का सत्यापन आधार एवं प्रवेश पत्र के आधार पर किया जाए और कक्षा में प्रवेश से पहले उनका चेकिंग कार्य सटीक रूप से हो। उन्होंने कहा कि मुख्य प्रवेश द्वार बंद करने के पूर्व तीन अलग अलग समय पर माइक से सूचित करें।
बताया गया कि परीक्षा आयोजन हेतु जिले में 2 केंद्र बनाए गए हैं जिसमें डी के कॉलेज बलौदाबाजार, मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय बलौदाबाजार शामिल है।परीक्षा प्रातः 10 से अपरान्ह 1 :15बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के दो घण्टे पूर्व केन्द्र में उपस्थित होना अनिवार्य है। मुख्य प्रवेश द्वारा 9:30बजे बंद हो जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी सुश्री दीप्ति गौते,डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार सोनकर सहित केन्द्राध्यक्ष एवं ऑब्जर्वर उपस्थित थे।