संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में श्री अरबिंदो मिशन की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न समाज कल्याण एवं बाल विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
अम्बिकापुर 07 मई 2026/sns/- संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अंबिकापुर के सिटी ऑफिस दर्रीपारा कैंपस स्थित सभागृह में श्री अरबिंदो मिशन अंबिकापुर की आगामी कार्ययोजना एवं सामाजिक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लाकपाले एवं अध्यक्षता श्री अरबिंदो मिशन छत्तीसगढ़ की चेयरपर्सन डॉ. इंदिरा मिश्रा, आई.ए.एस., पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन ने की।
बैठक में डॉ. इंदिरा मिश्रा ने श्री अरबिंदो आश्रम तथा श्री अरबिंदो एवं श्री मां के विचारों से प्रेरित समाज कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों में उत्सुकता, स्नेह भावना एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से संचालित गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में सहायक बने तथा खेल-खेल में सीखने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करे। डॉ. इंदिरा मिश्रा ने श्री अरबिंदो एवं श्री मां के आदर्शों एवं उनके समाज कल्याणकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा व्यावहारिक, सृजनात्मक एवं मनोशक्ति को विकसित करने वाली होनी चाहिए, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।
कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लाकपाले ने श्री अरबिंदो सोसाइटी सरगुजा के माध्यम से कोचिंग सेंटर प्रारंभ करने तथा औषधीय एवं पुष्पीय पौधों की नर्सरी विकसित कर युवाओं एवं विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रस्ताव रखा। इस अभिनव पहल का उपस्थित सभी सदस्यों ने सहर्ष स्वागत किया। इस अवसर पर मालवीय मिशन सरगुजा के सदस्यगण सहित अंबिकापुर नगर के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री हरि शंकर त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि श्री अरबिंदो जी के सिद्धांतों एवं विचारों को समाज एवं बच्चों तक पहुंचाकर सरगुजा अंचल में जनचेतना एवं समाज कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।