सुशासन तिहार बना जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच

रायपुर, 9 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील निराकरण का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत संकरी ग्राम पंचायत में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रहे हैं।

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 877 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 664 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। शिविर में मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड एवं नवीनीकरण, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा हितग्राहियों को साइकिल एवं ट्राइसाइकिल वितरित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

कार्यक्रम में विधायक अभनपुर श्री इन्द्रकुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रिका बंजारे, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभनपुर श्री रवि सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्री दीपक ठाकुर, अभनपुर तहसीलदार श्रीमती सीता शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर से लाभान्वित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।

About The Author