प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना विधायक श्री इंद्र शाह मंडावी बने मिसाल, घर पर लगवाया 5 किलोवाट का सोलर प्लांट

मोहला-मानपुर, 11 मई 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रही है। इस कड़ी में मोहला-मानपुर के विधायक श्री इंद्रशाह मंडावी ने स्वयं इस योजना को अपनाकर आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सामने एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। विधायक श्री मंडावी ने न केवल इस योजना का प्रचार-प्रसार किया, बल्कि खुद भी इसके लाभार्थी बने। उन्होंने आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर पंजीकृत वेंडर से संपर्क किया और अपने निवास पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित करवाया। उनके इस कदम की चर्चा पूरे क्षेत्र में है, क्योंकि उन्होंने एक जनप्रतिनिधि के रूप में “कथनी और करनी“ के अंतर को मिटाते हुए समाज को नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से भी इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
विधायक की अपील:- ऊर्जा आपूर्ति में बनें आत्मनिर्भर
विधायक श्री मंडावी ने जनमानस को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि हर घर सौर ऊर्जा को अपनाता है, तो इससे न केवल व्यक्तिगत बिजली खर्च में भारी कमी आएगी, बल्कि पूरा क्षेत्र ऊर्जा आपूर्ति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने जोर देकर कहा, यह योजना मध्यम और गरीब परिवारों को महंगे बिजली बिलों की चिंता से पूरी तरह मुक्त करेगी। यह स्वच्छ भारत की दिशा में एक बड़ा योगदान है क्योंकि यह पर्यावरण संरक्षण के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। अपने अनुभव साझा करते हुए श्री मंडावी ने बताया कि 5 किलोवाट के इस प्लांट के माध्यम से अब उनके घर की बिजली संबंधी अधिकांश आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से ही पूरी होंगी। इससे सरकारी ग्रिड पर उनकी निर्भरता कम होगी और बिजली की बचत के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
योजना के लाभ और उद्देश्य:-
इस योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। विधायक श्री मंडावी ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से बिजली बिल में भारी बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह योजना स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। श्री मंडावी ने क्षेत्र की जनता और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे भी इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। सरकार द्वारा सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है, जिससे यह आम आदमी की जेब के लिए किफायती और भविष्य के लिए सुरक्षित निवेश है।
सीधी सब्सिडी और सरल ऋण सुविधा
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए श्री मंडावी ने बताया कि सरकार द्वारा ₹1 लाख 8 हजार रुपए तक की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि जो लोग एकमुश्त राशि जमा करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों (EMI) पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे सोलर सिस्टम लगवाना और भी सरल हो गया है।
मुख्य आकर्षण
आत्मनिर्भरता:- बिजली उत्पादन में घर ही बनेगा पावर हाउस।
बचत:- जीरो बिजली बिल की दिशा में बड़ा कदम।
प्रक्रिया:- ऑनलाइन पंजीकरण और वेंडर चयन की सरल सुविधा।

About The Author