सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी रहीं शामिल

सुकमा, 11 मई 2026/sns/-जिले के रामाराम मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने सहभागिता की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का सजीव प्रसारण देखा तथा उनका प्रेरणादायी संबोधन सुना। कार्यक्रम में पूरे वातावरण में आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की प्राचीन संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं द्वारा कई बार मंदिर को ध्वस्त करने के प्रयास किए गए, लेकिन सोमनाथ मंदिर आज भी वैभवशाली स्वरूप में खड़ा होकर भारत की सांस्कृतिक चेतना और आत्मविश्वास का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।
सुश्री सोरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार निरंतर आस्था के केंद्रों के संवर्धन हेतु संकल्पित है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में निर्मित श्रीराम मंदिर और सोमनाथ मंदिर जैसे धार्मिक स्थल केवल पूजा के केंद्र नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक पहचान के मजबूत स्तंभ हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना हुई तथा श्रद्धालुओं ने इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायी आयोजन बताया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम और अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author