शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत जनमानस को लाभान्वित करने के लिए बैंकर्स अधिक से अधिक ऋण करें प्रदान कलेक्टर
राजनांदगांव, 13 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मार्च 2026 तिमाही के लिए 188वीं जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएससीसी) एवं जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत जनमानस को लाभान्वित करने के लिए उन्हें अधिक से अधिक ऋण प्रदान करें। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवेदकों के ऋण यथाशीघ्र स्वीकृत करने के लिए कहा। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना की बैंकवार समीक्षा की। कलेक्टर ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की एवं इस माह के अंत तक सभी बैंकों को लंबित आवेदन को प्राथमिकता से निराकरण करने कहा। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बैंक को त्वरित एवं सुविधाजनक तरीके से वरीयता से करने हेतु जिले के सभी बैंक प्रमुखों से कहा। अन्यव्यवसायी विभाग अंतर्गत पीएम अभ्युदय योजना इस वित्तीय वर्ष के लक्ष्य आने पर इस योजना में गति लाने को कहा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, निष्क्रिय बैंक खाता, एनआरएलएम एंटरप्राइज फाइनेंस एवं महिला स्वसहायता समूह लिंकेज, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएमईजीपी, पीएमएमएमई एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मछलीपालन, पशुपालन और डेयरी के सीसी ऋण, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति हेतु शासकीय योजना के लिए संचालित शासकीय योजनाओं, जिले के मूल बैंकिंग आंकड़ों एवं वार्षिक साख योजना, आरसेटी राजनांदगांव के कार्यों की समीक्षा की।
भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर के मैनेजर श्री अविनाश कुमार टोप्पो ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के नवीनीकरण हेतु समुचित प्रयास के लिए लीड बैंक एवं संबंधित बैंक शाखा को कहा। मई महीने में ही इस बीमा का नवीनीकरण होना है। आरबीआई रायपुर से बैंकों के कार्य में प्रगति लाने हेतु बैंकों का मार्गदर्शन करने के लिए कहा। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिला स्वसहायता समूहों को अधिक से अधिक ऋण प्रदान करने तथा लाभान्वित करने के लिए कहा। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, लीड बैंक मैनेजर श्री मुनीष शर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।