जिले में एलपीजी एवं पेट्रोल डीजल की आपूर्ति पर्याप्त
बलौदाबाजार, 14 मई 2026/sns/- जिले की एजेंसियो में रसोई गैस एवं पेट्रोल -डीजल की पर्याप्त कंपनियों द्वारा पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है। सभी एजेंसियो को अपने उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में एलपीज़ी व पेट्रोल -डीजल वितरण सुनिश्चित करना होगा। इस सम्बन्ध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को खाद्य विभाग के अधिकारियो, एलपीज़ी वितरक, एवं कंपनी के अधिकारियो की बैठक लेकर जरुरी निर्देश दिये।
कलेक्टर ने सभी ऑयल कम्पनी के अधिकारियो से वर्तमान में जिले में डीजल -पेट्रोल एवं एलपीज़ी आपूर्ति
जानकारी ली।आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के अधिकारियो ने बताया कि सभी एजेंसियो को पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की जा रही हैं। वितरको द्वारा डिमांड जनरेट करने में देरी होने से आपूर्ति में कुछ विलम्ब हो रहा हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।किसी भी गैस एजेंसी या पेट्रोल पम्प में कालाबाजारी, जमाखोरी या अन्य अनियमितता पाए जाने पर सम्बंधित एजेंसी एवं अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पम्प में सीसीटीवी कैमरा 24 घण्टे सक्रिय रखने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल पम्प आने वाले वाहनो को ही पेट्रोल डिजल दिया जाए। जरिकेन में बल्क में किसी को भो डीजल -पेट्रोल नहीं दें। उन्होंने कहा कि खेती के लिये ट्रेक्टर में डीजल की आवश्यकता के लिये जरिकेन में डीजल लेने पर ट्रेक्टर के कागजात व वाहन स्वामी के नाम,पता एक रजिस्टर में दर्ज करने के बाद केवल 15 से 20 लीटर डीजल दे सकते हैं। इसी तरह निर्माण कार्य में लगे पोकलेन एवं अन्य अर्थ मूवर के लिये वर्क आर्डर की प्रति, विभाग एवं ठेकदार से डीजल आवश्यकता का सत्यापन के बाद ही जरिकेन में डीजल दिया जाए।
कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों को प्रति दिन फिल्ड में जाकर पेट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसियो का निरीक्षण करने तथा प्रति दिन का स्टॉक एवं वितरण की जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी लक्षित उपभोक्ता को किसी प्रकार कि दिक्क़त न हो। कहीं भी निर्धारित दर से अधिक या बिना सिलेंडर डिलीवरी के डिलीवरी का मेसेज भेजने पर एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करें। इसीतरह भौतिक सत्यापन एवं ऑनलाइन एंट्री में विसंगति होने पर भी कार्यवाही किया जाए।सभी ऑयल कम्पनी एक दूसरे के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पेट्रोल पम्प में पेट्रोल- डीजल एवं गैस एजेंसियो में एलपीज़ी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।बैठक में पेट्रोल पम्प संचालकों ने भी अपनी समस्या साझा करते हुए निराकरण हेतु आग्रह किया गया। कलेक्टर ने उनकी समस्याओं का गंभीरतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा सहित अन्य अधिकारी, ऑयल कंपनी के अधिकारी एवं वितरक उपस्थित थे।