सुशासन शिविर में बना सॉइल हेल्थ कार्ड और कृषि प्रशिक्षण से खेती में हो रहा मुनाफा

अम्बिकापुर, 15 मई 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। शासन की हरित क्रांति योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड योजना तथा कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से दिए जा रहे प्रशिक्षण से किसान आधुनिक खेती अपनाकर बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा प्राप्त कर रहे हैं।

लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कर्रई निवासी किसान श्री नेवल साय कुजूर ने बताया कि उन्हें हरित क्रांति योजना के तहत काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब वे केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर वर्षभर खेती कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में भी फसल ले रहे हैं तथा बरसात में धान की खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पहले खेती में रासायनिक खाद का अधिक उपयोग करना पड़ता था, लेकिन अब आधुनिक कृषि पद्धति अपनाने से खाद की खपत कम हो गई है और उत्पादन में वृद्धि हुई है। इससे खेती की लागत कम हुई है तथा किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हो रही है। श्री कुजूर ने कहा कि वे समय-समय पर कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) जाकर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। वहां विशेषज्ञों द्वारा खेती की नई तकनीकों, उन्नत बीज, जैविक खाद एवं फसल प्रबंधन की जानकारी दी जाती है, जिसे अपनाकर उन्हें काफी लाभ मिल रहा है।

सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविर में उन्हें सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण किया गया उन्होंने बताया कि सॉइल हेल्थ कार्ड किसानों के लिए बेहद उपयोगी है , उन्होंने कहा कि मिट्टी परीक्षण के माध्यम से यह जानकारी मिलती है कि खेत की मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है। उसी आधार पर जैविक खाद एवं उर्वरकों का संतुलित उपयोग किया जाता है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है और उत्पादन बेहतर होता है।

श्री नेवल साय कुजूर ने शासन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों के कारण किसानों को पारंपरिक खेती की तुलना में अधिक लाभ और मुनाफा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी आधुनिक खेती की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

About The Author