समाधान शिविर में स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता
मुंगेली, 15 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है। इसी क्रम में लोरमी विकासखंड के ग्राम कारीडोंगरी में आयोजित समाधान शिविर में कल्याणी स्व सहायता समूह को 75 हजार रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया। इस आर्थिक सहायता से समूह की महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को और बेहतर ढंग से संचालित कर सकेंगी।
समूह की सदस्य श्रीमती शिवकुमारी यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शासन की इस मदद से समूह को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिलेगी और परिवार की आय बढ़ाने के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। बता दें कि सुशासन तिहार के समाधान शिविरों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, आजीविका एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आमजनों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है।