दिव्यांग अमन प्रेमी को गांव के ही सुशासन शिविर में मिला व्हीलचेयर दिव्यांग सहित परिजन खुश


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 मई 2026/sns/- बिलाईगढ़ विकासखंड के भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गदहाभाठा में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। अतिथि पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य दिनेश जांगड़े,सत्ताधारी दल के सदस्य सुभाष जालान सहित अन्य जनप्रतिनिधि द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा- अर्चना कर शिविर का शुभारम्भ किया गया। शिविर में 19 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ी व्यंजन एवं पोषण आहार से संबंधित जागरूकता स्टॉल लगाया गया। विभाग द्वारा 2 गोदभराई एवं 2 अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के जांच शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जहां 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही 4 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा 3 हितग्राहियों को निश्चय मित्र पोषण आहार किट वितरित की गई। शिविर में मछली पालन विभाग द्वारा एक जाल वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आवास प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। श्रम विभाग द्वारा 5 श्रमिक कार्ड बनाए गए। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को गणवेश एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। सहकारिता विभाग ने 4 किसानों को ब्याजरहित ऋण हेतु केसीसी चेक वितरित किए।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को निंदानाशक दवा तथा बीज निगम विभाग द्वारा दो किसानों को स्वर्ण धान बीज वितरित किया गया। राजस्व विभाग ने दो किसानों को किसान किताब प्रदान की। उज्ज्वला योजना के तहत दो हितग्राहियों को गैस सिलेंडर वितरित किए गए। शिविर में कुल 1225 आवेदन प्राप्त हुए। समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसी दौरान ग्राम गदहाभाठा निवासी दिव्यांग (80 प्रतिशत) अमन प्रेमी ने व्हीलचेयर के लिए आवेदन किया था। विभाग द्वारा त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें मौके पर ही व्हीलचेयर प्रदान की गई। व्हीलचेयर मिलने के बाद अमन प्रेमी के चेहरे पर खुशी साफ देखने को मिली। अब उन्हें चलने-फिरने में काफी सहूलियत मिलेगी। शिविर में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल रजक, जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान,  भटगांव तहसीलदार नीलिमा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी -कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author