कलेक्टर-सीईओ ने किया शिविर का निरीक्षण
सुकमा, 15 मई 2026/sns/-जिले के ग्राम पंचायत ढोंढरा में सुशासन तिहार एवं “बस्तर मुन्ने” अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष शिविर में प्रशासन की सक्रियता और जनसेवा का प्रभावशाली उदाहरण देखने को मिला। शुक्रवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर शिविर स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को प्रमाण पत्र निर्माण, योजनाओं का लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा शासन की सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की पहल पर ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य किया गया।
समाधान शिविर में महिला समूहों के वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत महिला सशक्तिकरण हेतु कुल 10 लाख रुपये का बैंक ऋण वितरित किया गया। विकासखंड कोंटा के क्लस्टर ढोंढरा में राजेश्वरी समूह को 4 लाख, सीताफल समूह को 3 लाख एवं कनकादुर्गा समूह को 3 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिससे महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
शिविर में शासन की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाते हुए 19 लोगों को किसान किताब, 21 बी1-खसरा, 15 श्रम कार्ड, 17 जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड तथा 5 पीएम आवास हितग्राहियों को चाबी का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया तथा दो प्राचार्यों एवं मेधावी छात्रों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। इसके पश्चात् कलेक्टर-सीईओ गादीरास में आयोजित सुशासन शिविर में पहुंचे। कलेक्टर एवं सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, जिससे सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रभावी रूप से साकार हो सके। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता क़वासी, श्रीमती गीता क़वासी, एसडीएम कोंटा श्री सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ कोंटा श्री सुमित ध्रुव, सुकमा सुश्री मधु तेता, तहसीलदार श्री इरशाद अहमद तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।