सुशासन तिहार में व्यवधान उत्पन्न करने वाले नशे में धुत व्यक्ति को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लिया
राजनांदगांव, 18 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार अंतर्गत डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पलान्दूर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सरपंच पर नशे में धुत एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। हमला करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया है। सरपंच पर हमला करने वाले आरोपी का कारण निजी एवं व्यक्तिगत है। जिला प्रशासन की सजगता एवं सतर्कता से यह हादसा टल गया। आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद सुशासन तिहार का कार्यक्रम यथावत चलता रहा। सुशासन तिहार में प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता, सूझबूझ, सक्रियता का परिचय दिया, जिससे स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। एसडीएम श्री एम भार्गव घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल शिविर पहुंचे और उन्होंने वहां वस्तुस्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा जनमानस से शांति की अपील की गई और आगे कार्यक्रम सफलतापूर्वक जारी रहा। सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 713 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 700 मांग और 13 शिकायत से संबंधित आवेदन है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार अंतर्गत जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। शिविर में जनसामान्य को सुगम, परदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पलान्दूर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम मुसराकला, कातलवाही, भानपुरी, आलीवारा, पारागांवकला, पारागांवखुर्द, कोलिहापुरी (छीपा), छीपा, पेंड्री, कसारी, सलटिकरी ग्राम के जनमानस बड़ी संख्या में शामिल हुए।