जनगणना 2027 जिले में 99.64 प्रतिशत कार्य पूर्ण
मुंगेली, 19 मई 2026/sns/- जनगणना 2027 अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य लगभग पूर्णता की ओर पहुंच गया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिले में यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य तेजी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में जिले में 99.64 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और जनगणना अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि कार्य की गुणवत्ता एवं सटीकता बनाए रखते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण करें। जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री प्रितेश अहिरवार ने बताया कि जिले में अब तक कुल 02 लाख 38 हजार 749 मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए जिले में कुल 01 हजार 380 प्रगणना क्षेत्र निर्धारित किए गए थे, जिनमें से 01 हजार 375 क्षेत्रों में कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य जारी है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।