जिले में 25 मई तक मनाया जाएगा जनजातीय गरिमा उत्सव
बलौदाबाजार,19 मई 2026/sns/- जिले में 18 से 25 मई 2026 तक जनजातीय गरिमा उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 46 जनजातीय बाहुल्य गॉव में योजनाओं के संतृप्तिकरण हेतु विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय -सीमा की बैठक में शिविर आयोजन के सम्बंध में अधिकारियो को जरुरी निर्देश दिये।
अभियान के तहत 18 मई को शुभारम्भ,19 से से 25 मई तक संतृप्तिकरण शिविर लगाए जाएंगे जिसमें, स्वास्थ्य जांच भी होग़ा। 20 मई को अधिकारी एवं आदि कर्मयोगी द्वारा ग्राम भ्रमण,21से 23 मई तक जनसुनवाई,24 एवं 25 मई को दस्तावेजीकरण होगा।
कलेक्टर श्री शर्मा ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि 6 माह से अधिक समय तक लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये मुहीम चलाएं और 15 जुलाई तक पूरा करें। इसके पश्चात् कोई भी प्रकरण 3 माह से अधिक लंबित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सीमांकन आवेदन के निराकरण के लिये आरआई अनुसार मैपिंग कर आवंटित करने तथा समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिये।उन्होंने पटवारी और सचिव को आवंटित प्रभार के गांव में उपस्थिति का दिन समय पंचायत कार्यालय में चस्पा करने कहा ताकि लोगों को उनके कार्यालय में उपस्थिति की जानकारी रहे।
कलेक्टर ने पेट्रोल पम्प में पेट्रोल डीजल की आपूर्ति एवं वितरण हेतु एसडीएम एवं तहसीलदारो को नियमित जांच करने के निर्देश दिये। आगामी खरीफ सीजन हेतु समितियों में खाद बीज का पर्याप्त भण्डारण तथा किसानों को नैनो यूरिया व नैनो डीईपी के उपयोग के लिये प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने विभिन्न सड़कों के निर्माण की समीक्षा करते हुए बारिश से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने कहा।
सड़क डिवाइडर में कट होने पर एजेंसी होंगे जिम्मेदार– शहरों में सड़क में बनाए जा रहे डिवाइडर में जगह -जगह कट के कारण दुर्घना की प्रबल आशंका को देखते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि डिवाइडर में किस स्थान पर कट देना है उसके लिये समिति गठित कर उसके निर्णय अनुसार ही उसी स्थान पर कट दिया जाए। इसके अतिरिक्त अन्य स्थान पर कट होने और दुर्घटना होने पर सम्बंधित एजेंसी को भी पक्षकार बनाया जाएगा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।