रेहुंटा महंत में लो-वोल्टेज समस्या का हुआ समाधान

मुंगेली, 21 मई 2026/sns/- विकासखण्ड लोरमी के ग्राम रेहुंटा महंत में लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान कर आमजनों को बिजली संबंधी समस्या से राहत दिलाई गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा गांव में अतिरिक्त 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्हें बिजली संबंधी परेशानियों से राहत मिली है। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्राम रेहुंटा महंत के निवासी श्री प्रदीप साहू द्वारा गांव में लो-वोल्टेज की समस्या और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापना की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग द्वारा तकनीकी परीक्षण एवं सर्वे कराया गया। जांच में पाया गया कि गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है। इसके बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। वर्तमान में गांव में विद्युत सप्लाई सुचारू रूप से संचालित हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर स्थापना का कार्य पूरा किया गया। इससे गांव में लो-वोल्टेज की समस्या दूर होने के साथ बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में भी सुधार आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने से अब घरेलू कार्यों, कृषि कार्यों एवं दैनिक जरूरतों में काफी सुविधा मिलेगी।

About The Author