जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर 15 पावर पंप और हैंडपंपों से मिल रहा स्वच्छ पानी

मुंगेली, 21 मई 2026/sns/- मुंगेली विकासखंड के ग्राम पौनी में पेयजल व्यवस्था अब पूरी तरह सुचारू हो गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम पौनी में 15 फरवरी 2025 को कार्य पूर्ण कर लिया गया था। इसके बाद से जलाशय के माध्यम से लगभग 10 माह से नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। विभाग की सतत निगरानी और त्वरित पहल के कारण ग्रामीणों को बेहतर जल सुविधा मिल रही है। संबंधित ठेकेदार को योजना को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि विद्युत व्यवस्था बहाल होते ही पुनः नियमित जल प्रदाय प्रारंभ करने की तैयारी की गई है। वर्तमान में ग्राम पौनी में 15 सिंगल फेस पावर पंप एवं 12 क्रियाशील हैंडपंपों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण इन व्यवस्थाओं से नियमित रूप से पानी प्राप्त कर रहे हैं और दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और पीएचई विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों से गांव में पेयजल व्यवस्था मजबूत हुई है।

About The Author