सुशासन तिहार में पण्डरीडांड की प्रभावती को मिली नई राह, बकरी पालन से संवारेंगी अपनी आजीविका
अम्बिकापुर, 21 मई 2026/sns/- राज्य शासन के ’सुशासन तिहार’ में आम नागरिकों की समस्या के समाधान का माध्यम बन रहा है, शासन की योजनाएं न केवल समाज के अंतिम व्यक्ति तक सफलतापूर्वक पहुंच रही हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम पण्डरीडांड की रहने वाली श्रीमती प्रभावती की मांग का सुशासन तिहार में निराकरण हुआ है।
आर्थिक सहायता से जगी आत्मनिर्भरता की उम्मीद
सुशासन तिहार के अंतर्गत शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाते हुए ग्राम पण्डरीडांड की प्रभावती को पशुधन विकास विभाग द्वारा बकरी पालन के लिए 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस त्वरित सहायता से प्रभावती बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने इसे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने का एक बड़ा अवसर बताया है।
श्रीमती प्रभावती ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुशासन तिहार में बकरी पालन के लिए मुझे 4,000 रुपये प्राप्त हुए हैं। इस राशि से मैं बकरी खरीदूंगी और अपनी आजीविका को बढ़ाऊंगी। उन्होंने कहा, सबसे अच्छी बात यह है कि अब हमारी समस्या का समाधान हमारे गाँव में ही हो जा रहा है। हमें अपनी बातों को रखने या योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहीं बाहर भटकना नहीं पड़ रहा है। प्रशासन खुद हमारे पास पहुँच रहा है। इस व्यवस्था और मदद के लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूँ।
प्रशासन की गांव तक पहुंच से बढ़ा जनता का विश्वास
’सुशासन तिहार’ के माध्यम से प्रशासन सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहा है। श्रीमती प्रभावती जैसी ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। गाँव-गाँव में लग रहे जन समस्या निवारण शिविरों और कार्यक्रमों से आम जनता के समय और धन दोनों की बचत हो रही है और आम नागरिकों का विश्वास दृढ़ हो रहा है।