समाधान शिविर से गांव में ही मिल रही है सरकारी सेवाएं

बलौदाबाजार-भाटापारा, 21 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार के तहत पलारी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुसमी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत और सुविधा का केंद्र बन गया है। पहले जहां छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब इस शिविर के माध्यम से गांव में ही त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसी शिविर में ग्राम दतान निवासी मुकेश कुमार साहू भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि परिवहन विभाग द्वारा हल्के निजी वाहनों के लिए मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाया जा रहा है। उन्होंने बिना देर किए तुरंत आवेदन किया। मुकेश को उम्मीद थी कि इस प्रक्रिया में काफी समय लगेगा, लेकिन विभाग की सुव्यवस्थित व्यवस्था और कर्मचारियों की तत्परता ने उनकी यह सोच बदल दी। महज आधे घंटे के भीतर उनका लर्निंग लाइसेंस तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।

मुकेश ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “पहले लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय या शहर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन इस शिविर में बिना किसी परेशानी और भागदौड़ के इतनी जल्दी लाइसेंस मिलना एक सुखद अनुभव है।” उन्होंने इस बेहतरीन पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है और सरकारी व्यवस्थाओं पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। गौरतलब है कि शिविर में मुकेश की तरह ही कई अन्य आवेदकों को भी मौके पर लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।

About The Author