जनजातीय गरिमा उत्सव तथा जनभागीदारी अभियान शिविर का हुआ आयोजन
मुंगेली, 22 मई 2026/sns/- शासन के निर्देशानुसार आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत 25 मई तक जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जन भागीदारी अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ‘‘जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले’’ थीम पर विशेष पिछड़ी जनजातियों एवं जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना, सेवा संतृप्ति सुनिश्चित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। अभियान के अंतर्गत पीएम-जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जुड़े चयनित ग्रामों में व्यापक स्तर पर शिविर, आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता रैली, ग्राम संपर्क गतिविधियां एवं लाभकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित 57 धरती आबा ग्रामों तथा पीएम जनमन ग्रामों में व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम सुरही में शिविर का आयोजन कर आमजनों को स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों की मांग पर हैण्डपम्प मरम्मत कर शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।